नई दिल्ली : देश में 5जी इंटरनेस सेवा की शुरुआत स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को हो सकती है। दरअसल संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में कहा था कि 5जी पर चीजें तय कार्यक्रम के मुताबिक आगे बढ़ रही हैं। उनके मुताबिक अगस्त तक ‘5G’ इंटरनेट सेवा शुरू होने की उम्मीद है। यानी मोदी सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस सेवा को देश की जनता को सौप सकती है।
मिली जानकारी के मुताबिक अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, गांधीनगर, गुरुग्राम, हैदराबाद, जामनगर, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में सबसे पहले 5जी सेवा मिलेंगी। गौरतलब है कि देश में 5जी सेवा देने पर तीन बड़ी निजी टेलिकॉम कंपनी भारती एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया काम कर रही हैं। अभी तक भारती एयरटेल ने नोकिया के साथ मिलकर 700 बैंड पर 5जी का सफलापूर्वक परीक्षण किया है।
यह परीक्षण कोलकाता के बाहरी इलाके में किया गया है। वहीं वोडाफोन आइडिया भी पुणे में परीक्षण कर सकती है और इसके लिए उसने एरिक्सन के साथ हाथ भी मिला लिया है। उल्लेखनीय है कि इस साल बजट में भी 2022-23 में 5जी सेवा को लॉन्च किए जाने की बात कही गई थी। बहरहाल 5जी सेवा के लॉन्च होने के बाद देश में मोबाइल की दुनिया में क्रांतिकारी बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है।