शिलांग/ गुवाहाटी: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के दो दिवसीय दौरे पर कल शिलांग पहुंचेंगे। उनके साथ पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह तथा पूर्वोत्तर की संस्कृति और विकास मंत्रालय के मंत्री जी किशन रेड्डी भी मौजूद रहेंगे।
वे शिलांग में एक क्रायोजेनिक ऑक्सीजन संयंत्र का उद्घाटन करने के अलावा केंद्रीय बल असम राइफल्स के मुख्यालय भी जाएंगे। कल पूर्वोत्तर के सभी मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली सभा की अध्यक्षता करेंगे।
इस बैठक में सभी राज्यों के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक भी मौजूद होंगे। बताया जाता है कि बैठक में वे क्षेत्र में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के अलावा कानून और व्यवस्था का भी जायजा लेंगे। इसके अलावा अंतर राज्यीय सीमा विवाद मसले पर भी चर्चा करेंगे। शिलांग का दौरा समाप्त कर वे अगले दिन दोपहर गुवाहाटी पहुंचेंगे।
वह गुवाहाटी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जीएमसीएच) में रेडियो थेरेपी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे कोविड-19 से मरने वाले लोगों के परिवारों को एक लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की नई योजना का औपचारिक रूप से शुभारंभ भी करेंगे।
उनका इसी कार्यक्रम के दौरान तामूलपुर चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल की आधारशिला भी रखेंगे। उधर यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि केंद्रीय मंत्री नई दिल्ली रवाना होने से पहले कामाख्या मंदिर का भी दर्शन करेंगे।



