उत्तर प्रदेश, सलोन : कृषि विज्ञान केंद्र के निरीक्षण के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सलोन के पशु प्रजनन अनुसंधान केंद्र (एनिमल ब्रीडिंग सेंटर) भी पहुंची। यहां उन्होंने हिमीकृत वीर्य उत्पादन केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने उच्च गुणवत्ता से युक्त हिमीकृत वीर्य उत्पादन के लिए संस्थान के वैज्ञानिकों का आभार भी जताया। अपने गृह राज्य गुजरात का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश की तमाम महिला समूहों ने दुग्ध पालन व पशुपालन के माध्यम से एक वर्ष में करोड़ों रुपया अर्जित किया है।
महिला विकास देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की एक प्रमुख कड़ी है। इस अवसर पर राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड डेयरी सर्विसेज नई दिल्ली के उपप्रबंध निदेशक डॉ. सीपी देवानंद ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की महिला किसानों को दुग्ध उत्पादन व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर सदर विधायक अदिति सिंह, क्षेत्रीय विधायक अशोक कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी मौजूद रहे।