नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के खिलाफ वर्ष 2011 में राजधानी दिल्ली में जबर्दस्त आंदोलन चला चुके सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे एक बार फिर हुंकार भरने की तैयारी में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने नए संगठन राष्ट्रीय लोक आंदोलन का गठन किया है।
84 वर्षीय अन्ना हजारे इस संगठन का एलान अपने जन्म दिन 19 जून को करने वाले हैं। अन्ना 19 जून को दिल्ली आ रहे हैं। वे यहां अपने नए संगठन के कार्यकर्ताओं के एक दिनी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यह संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगा। लोकायुक्त कानून में विलंब को लेकर चेतावनी दी थी। उन्होंने इस मामले में पूरे महाराष्ट्र में आंदोलन का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यदि महाराष्ट्र सरकार ने अगस्त तक ये कानून नहीं बनाया तो पूरे राज्य में आंदोलन चलाया जाएगा। 15 मई को अन्ना ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इसे बारे में पत्र लिखा था।
अन्ना ने पत्र में कहा था कि महाराष्ट्र सरकार या तो लोकायुक्त कानून लागू करे या सत्ता से हट जाए। लोकायुक्त कानून के पक्ष में आंदोलन शुरू करने के लिए राज्य की 200 तहसीलों में समितियों का गठन किया गया था।
अन्ना हजारे के नए हुंकार की असम के राष्ट्रीय स्तर के मानवाधिकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. दिव्यज्योति सैकिया ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर निश्चित रूप से आंदोलन सरकार को मजबूर करने में कामयाब होगी। वे 2011 के आंदोलन के बाद वर्ष 2017 और 2018 में टीम अन्ना की राष्ट्रीय कोर कमेटी के पूर्वोत्तर से राष्ट्रीय सदस्य थे डॉ. सैकिया ।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद जिस प्रकार से जनलोकपाल कानून लागू किया जाना चाहिए था, वह नहीं हो पाया। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि आने वाले दिनों में अन्ना देश के लोगों का और मजबूती से नेतृत्व करेंगे।