असम, गुवाहाटी: कांग्रेस के पूर्व नेता एवं थावड़ा के निवर्तमान विधायक सुशांत बरगोहाईं आज औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए हैं। पार्टी मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेई भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने भगवा चोला परिधान किया।
गौरतलब है कि उन्होंने पहले कांग्रेस पार्टी छोड़ दी और फिर विधायकी पद से भी इस्तीफा दे दिया।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।इस अवसर पर सुशांत ने कहा कि राज्य ने पिछले पांच वर्षों में भाजपा के शासन में तेजी से प्रगति की है।
उन्हें नए सदस्य के रूप में अपनाने के लिए उन्होंने पार्टी का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि जब वे पहली बार कांग्रेस में शामिल हुए थे तो ऐसा नहीं सोचा था कि उन्हें एक दिन कांग्रेस छोड़नी पड़ेगी। औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होने के बाद वह अपनी पुरानी पार्टी की आलोचना नहीं करेंगे। कांग्रेस के पूर्व नेता का भाजपा में स्वागत करते हुए कलिता ने कहा कि उनके आने से राज्य में भगवा पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नेतृत्व में पिछले सात वर्षों में भारत ने काफी प्रगति की है। हमारी अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों में तेजी से प्रगति हुई है। राज्य में भी भाजपा सरकार आने के बाद विकास की नई परिभाषा लिखी गई है। यही कारण है कि जनता हमारी पार्टी को ही पसंद कर रही है। उनका कहना था कि हमारे पास एक विजन, मिशन और लक्ष्य है।
हमारी पार्टी की सरकार विचारधारा पर आधारित है और हम जनता की सेवा करने और असम में रहने वाले सभी समुदायों को एकजुट करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज के कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका, प्रदेश भाजपा के संगठन महासचिव फणींद्रनाथ शर्मा और थावड़ा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक कुशल देवरी भी मौजूद थे।
सुशांत के अलावा पूर्व महासचिव बरनाली सैकिया बोरा, सचिव अमित अग्रवाल, जुबली पोद्दार वैसय, मीडिया पैनल लिस्ट मृगांक ज्योति बरुआ सहित कांग्रेस पार्टी के कुछ अन्य पूर्व नेता भी भाजपा में शामिल हो गए। इस अवसर पर ही पार्टी के मुखपत्र के नए संस्करण का विमोचन असम चाय निगम के अध्यक्ष अमियो बोरा एवं वरिष्ठ नेता विश्वरूप भट्टाचार्य ने किया।
मालूम हो कि हिमंत सरकार आने के बाद दूसरे विधायक ने पार्टी का दामन थामा है। इससे पहले मोरियानी के विधायक रहे रूप ज्योति कुर्मी ने भी भगवा चोला परिधान किया था। गौरतलब है कि भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होने से पहले सुशांत ने आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की।
उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस बारे में लिखा कि सुशांत से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। 31 जुलाई को उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और आज भाजपा में शामिल होंगे। युवा और ऊर्जावान नेता के हमारे पाले में शामिल होने से पार्टी को काफी मजबूती और लाभ होगा। वे उनका भाजपा परिवार में स्वागत करते हैं।