असम, गुवाहाटी : असम में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन अल्फा (स्वाधीन) के एक भर्ती मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षाबलों ने ऊपरी असम के नमटोला से प्रतिबंधित संगठन के सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में आत्मसमर्पण कर चुका एक कैडर भी शामिल है। सेना के एक प्रवक्ता ने आज इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इन युवकों को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे सीमा पार म्यांमार में अल्फा (स्वाधीन) के प्रशिक्षण शिविरों की ओर जा रहे थे। प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में अल्फा (स्वाधीन) द्वारा युवकों की भर्ती किए जाने की विशेष सूचना के आधार पर जॉयपुर बटालियन ने सोनारी पुलिस के साथ इस अभियान को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कारतूस के साथ एक पिस्तौल भी बरामद हुई है।
पकड़े गए सभी लोगों को पुलिस को सौंप दिया गया है और उन्होंने स्वीकार किया है कि उन्हें अल्फा (स्वाधीन) के संचालकों द्वारा भर्ती किया गया था।