गुवाहाटी। असम मंत्रिमंडल में नियुक्त किये गये लगभग सभी कैबिनेट मंत्री करोड़पति हैं। यह खुलासा एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने किया है। आज यहां जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 14 में से 12 कैबिनेट मंत्री करोड़पति हैं।
मंत्रियों की ओर से स्व-घोषणा पत्र के आधार पर तैयार की गयी रिपोर्ट में कहा गया है कि विश्लेषण करने पर 14 मंत्रियों की औसत संपत्ति 4.78 करोड़ है। इनमें सर्वाधिक संपत्ति मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की है। उनके पास 17.27 करोड़ की कुल घोषित संपत्ति है।
वहीं गुवाहाटी विकास विभाग (जीडीडी) के मंत्री अशोक सिंघल के पास 17.06 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति है। वे दूसरे स्थान पर हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्तमान सरकार में जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका तीसरे स्थान पर हैं। उनके पास लगभग 6 करोड़ की कुल संपत्ति है।
सबसे कम घोषित कुल संपत्ति श्रम और रोजगार मंत्री संजय किसन के पास है। उनकी कुल घोषित संपत्ति 55.35 लाख है। उनके अलावा हथकरघा और वस्त्र मंत्री यूजी ब्रह्म भी करोड़पति की सूची में नहीं आते हैं। उनके पास कुल संपत्ति लगभग 77 लाख रुपये हैं।