असम, गुवाहाटी: राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने असम पुलिस के विशेष महानिदेशक जीपी सिंह को जोरहाट जाने और घटना की जांच करने का आदेश दिया। गौरतलब है कि जोरहाट जिले में मरियानी के विधायक रूपज्योति कुर्मी के नेतृत्व में एक दल पर नगालैंड के संदिग्ध बदमाशों ने गोलीबारी की थी।
गनीमत रही कि दल मौके से भाग निकली और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। कुर्मी अपने दो निजी सुरक्षा अधिकारियों, राज्य पुलिस के तीन कांस्टेबलों, वन विभाग के कर्मियों, पत्रकारों और ग्रामीणों के एक समूह के साथ जिले में असम-नगालैंड सीमा पर स्थित डिसोई घाटी आरक्षित वन में बदमाशों के कथित अतिक्रमण का निरीक्षण करने गए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगालैंड के अवैध अतिक्रमणकर्ता असम क्षेत्र में बस गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की है और जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने विशेष डीजीपी जीपी सिंह को मौके पर जाकर मामले की तत्काल जांच करने को कहा है।