असम, गुवाहाटी: असम के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत ने कहा कि सरकार कोविड-19 की तीसरी लहर से निपटने मैं पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए जितने भी कदम उठाए हैं, उसके बेहतर नतीजे सामने आए हैं। वैसे तो तीसरी लहर जैसी कोई संभावना नहीं है, लेकिन अगर ऐसा होता भी है तो विभाग को इससे निपटने में कोई परेशानी नहीं होगी।
हम पूरी तरह सक्षम है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों को बिना देर किए हुए वैक्सीन की खुराक मुहैया करवाने की है। उन्होंने वैक्सीन की धीमी गति को लेकर सरकार की आलोचनाओं पर कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। बीच में अफवाहों के कारण लोग वैक्सीन लेने से कतरा रहे थे लेकिन अब ऐसा कुछ नहीं है।
अब लोग जब खुद ही आगे आ रहे हैं हमारी कोशिश उन्हें चरणबद्ध तरीके से वैक्सीन की खुराक मुहैया करवाने की है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के हर मेडिकल कॉलेज में बच्चों के लिए पीडियाट्रिक आईसीयू लगभग तैयार है। साथ ही जिला अस्पतालों में बच्चों के लिए पीडियाट्रिक आईसीयू का काम चल रहा है। 12-18 आयु वर्ग के बच्चों के टीकाकरण की प्रक्रिया पर चर्चा चल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से कोविड-19 के मामलों में सुधार हो रहा है सरकार 15 अगस्त के प्रतिबंधों मैं अधिक छूट दे सकती है। इस संदर्भ में अगले हफ्ते एक नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करेगी।





