असम, गुवाहाटी : असम सरकार जल्द ही सड़कों और राजमार्गों पर गति सीमा कम कर सकती है। इसका इशारा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल एक सप्ताह के भीतर वाहन की गति को सीमित करने के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि अब हेलमेट पहनने से राज्य में दुर्घटनाओं में भारी कमी आई है। परिवहन विभाग द्वारा राज्य में दुपहिया वाहन चलाते समय डबल हेलमेट अनिवार्य किए जाने के बाद से राज्य में हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में 21 प्रतिशत तक की कमी आई है।
अब हम राजमार्गों पर अधिक दुर्घटनाओं को कम करने के लिए गति सीमा निर्धारित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल जल्द ही पूरे असम में राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर गति सीमा तय करेगा।हम दो-तीन दिनों के भीतर अगली कैबिनेट बैठक में इस पर निर्णय लेंगे। राज्य सरकार राजमार्गों को सभी के लिए सुरक्षित बनाने के प्रयास में सफलता के लिए लोगों का समर्थन और सहयोग चाहती है। उनका कहना था कि भले ही आप अपने गंतव्य पर थोड़ी देर से पहुंचे लेकिन इसके लिए जरूरी है आपका जीवित रहना।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य परिवहन विभाग सड़कों पर किसी भी गति सीमा के उल्लंघन को मापने के लिए 12 उच्च तकनीक वाले इंटरसेप्टर वाहन लाए हैं। ये वाहन गति सीमा का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को एक किलोमीटर की दूरी से पकड़ लेंगे। इससे पहले इस साल फरवरी में भी राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य की सड़कों में गति सीमा अधिकतम 100 किमी प्रति घंटा तय करने का निर्णय लिया गया था।