असम, गुवाहाटी : केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग और आयुष मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सर्वानंद सोनोवाल का गुवाहाटी के माछखोवा स्थित आईटीए सेंटर में असम प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा, असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सोनोवाल को पार्टी के सर्वोच्च निकायों में चुने जाने वाले पूर्वोत्तर के पहले व्यक्ति बनने के लिए अभिनंदन किया। वे केंद्रीय संसदीय समिति और केंद्रीय चुनाव समिति में चुने गए हैं। अभिनंदन के बाद सोनोवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी का यह प्यार और सम्मान उन्हें सामाजिक और लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध और दृढ़ रहने के लिए प्रोत्साहित करेगा। राष्ट्र पहले पार्टी दूसरे और स्वयं अंतिम यह अनूठी भावना पार्टी को किसी भी अन्य पार्टी से अलग करती है। उनका कहना था कि पार्टी उन्हें जो भी कार्य प्रदान करेगी, उसे वह पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ पूरा करेंगे। हम पार्टी के लिए हैं और पार्टी देश के लिए है। उन्होंने आगे कहा कि एक नए भारत के निर्माण के लिए हम सभी को व्यक्तिगत हितों से बचना चाहिए और अपनी पार्टी को मजबूत करने और एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण की दिशा में काम करने के लिए अपनी ऊर्जा को एक सामूहिक शक्ति के रूप में जोड़ना चाहिए। उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद दिया। सोनोवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में पूर्वोत्तर और असम को पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए। यह मोदी का विजन है, जिसने इस क्षेत्र के विकास को नए भारत में विकास का नया इंजन बनने के लिए प्रेरित किया है। यही कारण है कि पूर्वोत्तर में हर क्षेत्र, समुदाय और राज्यों के लोगों ने प्यार और प्रशंसा के साथ भाजपा को अपनाया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनोवाल को दी गई नई जिम्मेदारी से असम ही नहीं बल्कि पूर्वोत्तर के कार्यकर्ताओं में सकारात्मक संदेश गया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्वोत्तर और यहां के लोगों के प्रति उनके अटूट प्रेम का प्रमाण भी है। सोनोवाल अपने व्यक्तित्व के माध्यम से ईमानदारी, दक्षता और त्याग के प्रतीक हैं। पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने कई पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया है और अब भी कर रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि यह पूर्वोत्तर के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का सच्चा प्रतिबिंब है। जब से सोनोवाल 2011 में पार्टी में शामिल हुए, तब से वे पार्टी के विकास के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उनके समृद्ध और गतिशील राजनीतिक अनुभव के साथ पार्टी ने असम में अपनी पहली सरकार बनाई और उनके मुख्यमंत्रित्व काल में राज्य की समृद्धि और विकास की ओर बढ़ी। इस अभिनंदन कार्यक्रम में सांसद, विधायक पार्टी के पदाधिकारी वह कार्यकर्ता उपस्थित थे।
असम में है 14 अंतर्राष्ट्रीय सीमा चौकियाँ
असम, गुवाहाटी : असम के सीमा सुरक्षा एवं विकास विभाग के मंत्री अतुल बोरा ने असम विधानसभा में बताया कि...
Read more