असम, गुवाहाटी: असम पुलिस को मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देश के दो राज्यों में अभियान चलाकर 4 युवतियों को बचाने के साथ ही 2 महिला समेत 3 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा किया है। गौरतलब है कि कामरूप पुलिस ने एक अभियान चलाकर राजस्थान के जयपुर और उत्तर प्रदेश के गोमती नगर से मानव तस्करों के चुंगल में फंसी चार युवतियों को बचाया है। इनमें से एक नाबालिग बताई जाती है।
पुलिस ने इस दौरान कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी में शामिल तीनतस्करों को गिरफ्तार भी किया है। पकड़े गए तस्करों की शिनाख्त कामरूप की जोयटन और होजाई की मर्जिना व फैजुद्दीन के रूप में की गई है।
मुख्यमंत्री ने असम के बाहर राज्य से बचाव अभियान को सफलता से निष्पादन करने के लिए कामरूप पुलिस को बधाई दी है।