नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर बढ़ी चिंता के बीच सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगी रोक को अगले साल 31 जनवरी तक बढ़ा दिया है। इससे पहले 26 नवंबर को सरकार ने घोषणा की थी कि 15 दिसंबर से निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से प्रतिबंध हटा ली जाएगी और सामान्य सेवा बहाल होगी। एक सप्ताह से कम समय में ही इस फैसले पर अगले नोटिस तक रोक लगा दी गई थी।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर आज जारी आदेश में कहा गया है पुराने अधिसूचना को आंशिक संशोधन के तहत सक्षम प्राधिकारी ने भारत से आने-जाने वाली निर्धारित अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री सेवाओं के निलंबन को अगले साल 31 जनवरी के रात 11:59 बजे तक बढ़ाने का फैसला लिया है।
यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय मालवाहक जहाजों और विशेष रूप से मंजूर किए गए विमानों पर लागू नहीं होगा। गौरतलब है कि कई देशों ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा को सीमित कर दिया। ब्रिटेन, जर्मनी, स्विटजरलैंड जैसे यूरोप के कई देशों ने अफ्रीका के विभिन्न देशों से आने वाले विमान पर रोक लगा दी। अमेरिका ने भी अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा नियम में बदलाव किया है।





