नयी दिल्ली/गुवाहाटी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज असम के कामरूप जिले की रंगिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक भवेश कलिता को पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भवेश कलिता की नियुक्ति को हरी झंडी दी। बयान में कहा गया है कि आदेश तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। वह रंजीत कुमार दास की जगह लेंगे। हाल ही में संपन्न असम विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत हासिल की थी और उसने लगातार दूसरी बार राज्य की सत्ता पर कब्जा जमाया।
भाजपा ने यह चुनाव रंजीत कुमार दास की अध्यक्षता में लड़ा था। दास को डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार में पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री बनाया गया है।स्व. हंग्शा राम डेका के पुत्र भवेश सुतारकुची निवासी हैं। उन्होंने 1994 में प्रागज्योतिष कॉलेज से बीएससी और 2001 में यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
पेशे से अधिवक्ता भवेश पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के कार्यकाल के दौरान सिंचाई राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया।इस साल के विस चुनाव में उन्होंने लगातार दूसरी बार रंगिया क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा।
वहीं दूसरी ओर पार्टी ने मणिपुर के लिए अपनी राज्य इकाई का प्रमुख भी बदल दिया है, जहां अगले साल चुनाव होने जा रहे हैं। शारदा देवी सैखोम टिकेंद्र सिंह की जगह लेंगी, जिन्होंने पिछले महीने कोविड-19 के कारण दम तोड़ दिया था।