असम, गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सात साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज महानगर में प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित सेवा ही संगठन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने महानगर के पंजाबाड़ी स्थित मां कामाख्या वृद्धाश्रम का दौरा किया। इस वृद्ध आश्रम का संचालन गोलाघाट महिला निर्माण गोट करती है।
मुख्यमंत्री ने वृद्धाश्रम के निवासियों से बातचीत कर उनका हालचाल लिया और फल, खाद्य सामग्री, मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने इस कठिन समय में वृद्धाश्रम को सुचारू रूप से चलाने में प्रबंधन को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री के साथ सांगठनिक महासचिव फणि शर्मा भी थे। उधर वृद्धाश्रम के संचालकों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर खुशी जाहिर की।
उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं मंत्री रंजीत कुमार दास ने आज पाठशाला के तपोवन आश्रम मे जाकर दिव्यांग बच्चों के साथ बातचीत की और उनमें खाद सामग्री भी बांटी। पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने लाहोवाल में खाद सामग्री बांटी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया ने भी शिशु गृहों एवं मॉडल अस्पतालों में खाद सामग्री बांटी। गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं ने 10 हजार गांवों में कोरोना से संबंधित राहत व बचाव अभियान चलाते हुए जरूरतमंद लोगों के बीच मास्क, सेनिटाइजर और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया।
इसके अलावा टीकाकरण अभियान के प्रति लोगों को जागरूक भी किया। पार्टी के कार्यकताओं रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया। इस दौरान कोरोना से संबंधित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया गया। सांसदों और विधायकों के अलावा केंद्रीय मंत्रियों व राज्यों के मंत्रियों ने कम से कम दो गांवों में इसी प्रकार के अभियान में हिस्सा लिया।