पश्चिम बंगाल, कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई को यहां लगातार झटके लग रहे हैं। अब उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज से भाजपा विधायक कृष्ण कल्याणी ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
इस महीने की शुरुआत में ही उन्होंने भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद अब वह राज्य में सत्तारूढ़ टीएमसी से जुड़ गए हैं। उन्होंने आज कोलकाता के कैमेक स्ट्रीट स्थित सेनेटर होटल में पार्टी महासचिव पार्थ चटर्जी और विधायक विवेक गुप्ता की मौजूदगी में शामिल हुए।
कल्याणी ने इसी महीने की शुरुआत में भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था और रायगंज की सांसद देबाश्री चौधरी पर अपने खिलाफ साजिश का आरोप लगाया था और कहा था कि दोनों एक ही पार्टी में साथ काम नहीं कर सकते। इस मसले पर भाजपा ने कृष्ण कल्याणी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था।
यह नोटिस उन्हें पार्टी सांसद देबाश्री चौधरी के खिलाफ बोलने को लेकर दिया गया था, लेकिन इसका जवाब देने की बजाय अगले ही दिन उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।