उत्तराखंड, देहरादून : राज्य के देहरादून कैंट क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक हरबंस कपूर का निधन हो गया है। उनके निधन पर पार्टी और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। कपूर लगातार आठ बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष पद का भार भी संभाला था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कपूर के देहरादून स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और भगवान ने उनकी आत्म की शांति की प्रार्थना की। उन्होंंने भगवान से परिवारजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
कपूर भाजपा के बेहद सहज और शालीन नेता थे। उनकी जनता में अच्छी पकड़ थी। जनता की समस्याओं को लेकर वह हमेशा सजग रहते थे। विधायक की मौत की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं के साथ ही समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है।
उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आज दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यालय में लाया जाएगा। इसके बाद तीन बजे उनके शव को अंत्येष्टि के लिए लक्खीबाग श्मशान में ले जाया जाएगा। अंतिम यात्रा उनके आवास से अनुराग चौक, बल्लूपुर चौक, घंटाघर, बुद्धाचौक, ईसी रोड, बलबीर रोड, प्रदेश कार्यालय, फव्वारा चौक, आराघर चौक, प्रिंस चौक से होते हुए लक्खीबाग पहुंचेंगे।






