नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना पर खर्च को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने योजना के तहत वर्ष 2016 से 2019 दौरान आवंटित राशि में करीब 80 फीसदी विज्ञापन पर खर्च किए जाने को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की खिंचाई की है। उन्होंने संसदीय समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार का असली नारा छवि बचाओ, फोटो छपवाओ है।
उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि भाजपा नेताओं में काम से ज्यादा फोटो छपवाने की ललक है। गौरतलब है कि लोकसभा में गुरुवार को पेश बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के विशेष संदर्भ में शिक्षा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर महिलाओं को शक्तियां प्रदान करने संबंधी भाजपा सांसद हीना गावित की अध्यक्षता वाली समिति की रिपोर्ट में कहा गया है समिति को यह बात भी देखने को मिल रहा है कि 2016 से 2019 की अवधि के दौरान जारी की गई 446.72 करोड़ रूपये में मीडिया प्रचार पर 78.91 प्रतिशत राशि खर्च की गई है और यह देखकर समिति बिल्कुल भी खुश नहीं है।
योजना के तहत 2014-15 में शुरूआत के बाद से कोविड प्रभावित साल को छोड़कर अब तक आवंटित राशि का राज्यों द्वारा केवल 25.15 प्रतिशत खर्च करने को दुखद बताया है और कहा है कि यह उनके खराब कार्य निष्पादन को प्रदर्शित करता है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2014-15 में योजना की शुरूआत के बाद से कोविड वाले वर्ष 2019-20 और 2020-21 को छोड़कर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कुल आवंटन 848 करोड़ रूपये था और उक्त अवधि में राज्यों को 622.48 करोड़ रूपये जारी किये गए थे।





