नई दिल्ली : दिल्ली के रोहिणी कोर्ट नंबर 102 के बाहर आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक धमाका हुआ, जिसमें तीन से चार लोग घायल हो गए। लोगों को लगा था कि फिर से कोर्ट में गोली चली है। धमाका की आवाज सुनते ही कोर्ट में मौजूद लोगों में डर बैठ गया और जो जहां था वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश करने लगा। हालांकि कुछ देर बाद खुलासा हुआ कि यह धमाका एक लैपटॉप में हुआ था जिसका कारण शॉर्ट सर्किट था। इसके बाद भी लोग दहशत में रहे।
एहतियात के तौर पर कोर्ट की सभी कार्यवाही रोक दी गई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी भी तरह की लापरवाही न हो इसका भी ध्यान रख रही है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि अदालत की कार्यवाही के दौरान एक लैपटॉप बैग में संदिग्ध विस्फोट हुआ। एक घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।फोरेंसिक और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं। इससे पहले धमाके की आवाज सुनने के बाद यह अफवाह फैल गई कि वहां गोलीबारी हुई है। धमाके की पुष्टि होने के बाद दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और स्थिति पर काबू पा लिया।






