महाराष्ट्र मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनसमैन राज कुंद्रा को कल रात मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उन्हें अश्लील फिल्म निर्माण के के साथ ही वह कुछ एप्स पर प्रसारित भी करते थे। इसी आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कुंद्रा इस मामले के मास्टरमाइंड है। पुलिस ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। गौरतलब है कि इस साल फरवरी महीने में मुंबई क्राइम ब्रांच में अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के जरिए उन्हें पब्लिश करने का मामला दर्ज किया गया था।
कुंद्रा ने इस मामले में शामिल होने का खंडन करते हुए अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था। गौरतलब है कि दूसरों के नग्न या अश्लील वीडियो तैयार करने वाले या ऐसा एमएमएस बनाने वाले या इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से इन्हे दूसरों तक पहुंचाने वाले और किसी को उसकी मर्जी के खिलाफ अश्लील संदेश भेजने वाले लोग इसी कानून के दायरे में आते हैं। पोर्नोग्राफी प्रकाशित, प्रसारित करना और इलेक्ट्रॉनिक जरियों से दूसरों तक पहुंचाना अवैध है, लेकिन उसे देखना, पढ़ना या सुनना अवैध नहीं माना जाता। जबकि चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखना भी अवैध माना जाता है।
इसके तहत आने वाले मामलों में आईटी (संशोधन) कानून 2008 की धारा 67 (ए) और आईपीसी की धारा 292, 293, 294, 500, 506 व 509 के तहत सजा का प्रावधान है। जुर्म की गंभीरता के लिहाज से पहली गलती पर पांच साल तक की जेल या 10 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है, लेकिन दूसरी बार गलती करने पर जेल की सजा 7 साल तक बढ़ सकती है।



