महाराष्ट्र, मुंबई: बॉलीवुड शहंशाह अमिताभ बच्चन आज 79 साल के हो गए हैं। उनका जन्म 11 अक्टूबर 1942 इलाहाबाद में हुआ था। उम्र के इस पड़ाव में भी वे काफी ऊर्जावान एवं स्वास्थ्य नजर आते हैं। वे आज भी बिना आराम किए 16 घंटे काम करते हैं। यह निश्चित रूप से युवाओं को बुजुर्गो के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन गए हैं।
उनके पास फिल्मों के अलावा विज्ञापन भी हैं और वे हर छोटे बड़े डायरेक्टर के साथ काम करते हैं। बिग बी को पिछली सदी का महानायक कहा जाता है। अमिताभ बच्चन कौन बनेगा करोड़पति को होस्ट भी करते हैं और कई बॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आते हैं। अमिताभ ने अपने करियर में दादा साहब फाल्के पुरस्कार, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार समेत कई अवॉर्ड जीते हैं। बॉलीवुड में मेगा स्टार और बिग बी के नाम से भी मशहूर हैं। गौरतलब है कि उनकी पहली फिल्म सात हिंदुस्तानी थी, जो 1969 में रिलीज हुई थी।
1973 में प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी फिल्म जंजीर से अमिताभ बच्चन ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी की जो सीढ़ियां चढ़ना शुरू कीं तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। करीब दो दशक तक वे हिंदी फिल्मों के सबसे सफल नायक बने रहे। अमिताभ, मुंबई के रहने वाले नहीं हैं लेकिन फिल्मी दुनिया में आने के बाद से उन्होंने मुंबई को ही अपना घर बना लिया।