नई दिल्ली : देश में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कानून लागू होने के बाद से अप्रैल 2022 में सरकार द्वारा सबसे ज्यादा कर संग्रह किया है। वित्त वर्ष 2022-2023 की शुरुआत में जीएसटी संग्रह में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी गई है। इस महीने सरकार के खजाने में कुल 1,67,540 करोड़ रुपये आए हैं।
जीएसटी लागू होने के बाद से एक महीने में सबसे ज्यादा कर संग्रह अप्रैल 2022 में हुआ है। इससे पहले मार्च 2022 में भी रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह देखा गया था। मार्च के महीने में सरकार की कुल 1,42,095 करोड़ रुपये की कमाई जीएसटी के रूप में हुई थी। वित्त मंत्रालय ने कुछ देर पहले ही अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बारे में ट्वीट करते हुए जानकारी दी है। ट्वीट में मंत्रालय ने कहा है कि जीएसटी संग्रह रिकॉर्ड स्तर पर आया है और इसने मार्च 2022 के अपने 1,42,095 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।