असम, कछार।: असम के कछार के पुलिस अधीक्षक आईपीएस वैभव सी निंबालकरी को बेहतर इलाज के लिए मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल एवं चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में ले जाया गया है।
गौरतलब है कि कल असम-मिजोरम सीमा पर हिंसक झड़प के बाद वैभव को पेट और पैर में गोली लगी थी। सूत्रों ने बताया कि घायल एसपी को एयर एंबुलेंस कर मुंबई ले जाने का फैसला पुलिस अधीक्षक के परिजनों एवं शुभचिंतकों ने लिया। खासकर लैलापुर इलाके में झड़प में असम के 6 पुलिस कर्मी मारे गए।
झड़प के दौरान 65 पुलिस कर्मियों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें सिलचर चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एसएमसीएच) में स्थानांतरित कर दिया गया। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने इलाजरत वैभव के साथ अन्य पुलिस कर्मियों का भी हालचाल पूछा।
उन्होंने शहीद असम पुलिस कर्मियों के परिवारों को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। साथ ही मृत पुलिस कर्मियों के परिवार के सदस्यों को भी सरकारी नौकरी प्रदान करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की। मुख्यमंत्री ने राज्य में 3 दिनों का राजकीय शोक की घोषणा की है। फिलहाल सीमा पर तनाव बना हुआ है। मॉनसून सत्र के दौरान संसद में आज असम-मिजोरम का मुद्दा उठाया जाएगा।
लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने असम-मिजोरम सीमा संघर्ष पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया। दूसरी तरफ कांग्रेस ने हिंसा का आकलन करने के लिए कछार और अन्य क्षेत्र का दौरा करने के लिए एक 7 सदस्यीय समिति का गठन किया। असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा समिति का नेतृत्व करेंगे।



