उत्तर प्रदेश, वाराणसी : आंध प्रदेश और उड़ीसा के दक्षिणी भाग में आने वाले चक्रवाती तूफान जवाद का असर यहां भी देखने को मिल सकता है। इस वजह से तीन दिन बाद वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही बूंदाबांदी के भी आसार हैं। आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
वाराणसी के ज्यादातर इलाकों में वायु गुणवत्ता सूंचकांक (एक्यूआई) 240-250 के बीच में है, जो खराब की स्थिति में आता है। बीते कल सुबह धूप भी बहुत हल्की हुई और हवा में नमी अधिक रही। इधर तापमान में भी कमी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार ठंड भी बढ़ने के आसार हैं।
पिछले तीन-चार दिनों से उत्तराखंड, हिमांचल और जम्मू कश्मीर में हो रही बर्फबारी की वजह से ही उत्तर पश्चिमी हवाएं मैदानी भागों में ज्यादा असरदार साबित हो रही है। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि चक्रवाती तूफान पांच दिसंबर तक उड़ीसा के तट पर पहुंचेगा।
इसका कुछ असर मैदानी भागों में देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही कुछ जगहों पर बूंदबांदी भी होने की संभावना है। उत्तराखंड और हिमांचल में बर्फबारी, उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से गलन अधिक महसूस हो रही है। अभी चार-पांच दिन तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है।





