असम, गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने मुठभेड़ को लेकर असम पुलिस की हो रही तीखी आलोचनाओं पर कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर आगे बढ़ रही है और यह जारी रहेगा। कोई भी असम पुलिस पर हमला करने की कोशिश करेगा उसे करारा जवाब मिलेगा।
यह लड़ाई तब तक चलती रहेगी, जब तक वह मुख्यमंत्री के कुर्सी पर विराजमान हैं। वे किसी भी हाल में समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि वह अपना काम करते रहें। आलोचनाओं से वे निपट लेंगे।
असम विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन में शून्यकाल के दौरान बोलते हुए उन्होंने आगे कहा कि पुलिस के फर्जी मुठभेड़ पर उठ रहे सवालों के जवाब में कहा कि एक पुलिस अधिकारी को आत्मरक्षा के लिए गोली मारनी होती है।
उन्होंने कहा कि ड्रग्स मानव तस्करी एवं गाय तस्करी के खिलाफ सरकार ने पुलिस को जीरो टॉलरेंस नीति और काम करने का निर्देश दिया है। पुलिस अपना काम बखूबी कर रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। सरकार इसमें कोई समझौता नहीं कर सकती।
असम पुलिस को उत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपना काम करें। जहां तक बात आलोचनाओं की हैं तो वे सब कुछ उन पर छोड़ दें। वह आलोचनाओं का विष नीलकंठ की तरह पी जाएंगे।