हिमाचल प्रदेश, शिमला : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि राज्य में न मुख्यमंत्री बदलेगा न ही कोई मंत्री। अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री के नाम के खुलासा करने की बात कही थी। इस पर पलटवार करते हुए नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड में 70 में से 68 आम आदमी पार्टी (आप) प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है और उत्तर प्रदेश में भी यही हाल हुआ।
अब यहां भी ऐसा ही होगा। उन्होंने एक बार फिर दोहराते हुए कहा कि सत्ता माध्यम है, यह लक्ष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 से 30 जून के बीच युवाओं की रैली होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। उन्होंने दावा किया इसमें एक लाख युवा आएंगे। राजधानी शिमला में चुनावी शंखनाद के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को दाड़लाघाट में खुली जीप में रोड शो निकाला। बस स्टैंड से स्यार तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। रोड शो के बाद नड्डा बूथ नंबर 44 दसेरन वाला के लिए निकल गए। यहां उन्होंने बूथ अध्यक्षों, पन्ना प्रमुखों, बूथ पालकों आदि के साथ बैठक की और एकजुटता का पाठ पढ़ाया।
इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की और जीत दर्ज करवाने के लिए कार्यकर्ताओं को जुटने के लिए कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा की भाजपा इतना बड़ा संगठन बन गया है कि आज हम सब एक बूथ बैठक भी ले रहे हैं। कांग्रेस ऐसा करने का सोच भी नहीं सकती है। नड्डा ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसका सारा श्रेय भाजपा के छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना बूथ सबसे मजबूत कर यह साबित किया है कि यदि अपना बूथ मजबूत होगा तो कोई भी भाजपा को नहीं हरा सकता।