उत्तराखंड देहरादून : भाजपा ने अनुमान के अनुरूप चंपावत उपचुनाव में कांग्रेस सहित सारे प्रत्याशियों का सूपड़ा साफ कर दिया। भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 55, 025 वोटों से कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी को करारी शिकस्त दी। इसी के साथ 2012 के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की 39, 966 वोटों से जीत का रिकार्ड भी टूट गया। कांग्रेस सहित सभी तीन प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। यह पहला मौका है जब चंपावत सीट से कोई राष्ट्रीय दल अपनी जमानत भी नहीं बचा सका।
निर्वाचन अधिकारी हिमांशु कफलिटया ने परिणाम की घोषणा की और मुख्यमंत्री धामी को जीत का प्रमाणपत्र दिया। जीत के बाद मुख्यमंत्री ने मतदाताओं का आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ जुलूस निकालकर जश्न मनाया। अपनी जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे पास शब्द नहीं हैं। आभार, बहुत-बहुत आभार। इतनी बढ़ी जीत, लोगों का इतना ज्यादा प्यार, मैं गदगद हूं। लोगों का ऋणी हूं। चंपावत के लोगों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर भाजपा का साथ दिया है। दिल से एक बार फिर सबका धन्यवाद।




