नई दिल्ली : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। अमेरिका और अल्बानिया की ओर से पेश किए गए इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा। वहीं भारत चीन और यूएई ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। सुरक्षा परिषद के पांच स्थाई सदस्यों में शामिल रूस ने प्रस्ताव पर हुए मतदान के दौरान वीटो किया।
इस बैठक के दौरान अमेरिका ने यह भी साफ किया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस प्रस्ताव पर वीटो कर दिया है, जिसमें मॉस्को से यूक्रेन पर हमला रोकने और सभी सैनिकों को वापस बुलाने की मांग की गई है। उधर संयुक्त राष्ट्र में अधिकारियों ने यूक्रेन में मानवीय अभियानों को गति देने के लिये 2 करोड़ डॉलर देने की घोषणा की है।
हालांकि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने एक बार फिर पूर्वी यूरोप के अपने सदस्य देशों को हमले की आशंका के बीच सतर्क रहने की हिदायत दी है। जापान की तरह ही दक्षिण कोरिया अधिक सतर्कता बरत रहा है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन ने कहा कि उनका देश अंतरराष्ट्रीय पाबंदियों का समर्थन करेगा, लेकिन एकतरफा प्रतिबंधों पर विचार नहीं करेगा।