हरियाणा, चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, कार्यकारी अध्यक्ष श्रुति चौधरी, रामकिशन गुर्जर, जितेंद्र भारद्वाज व सुरेश गुप्ता ने आज नई दिल्ली में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा और प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल भी इस दौरान मौजूद रहे। राहुल ने पूरी टीम के साथ प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा कर मजबूती से जनता की आवाज उठाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का मंत्र दिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ राहुल की यह पहली बैठक थी। उन्होंने सभी को कहा कि एकजुट होकर पार्टी हित में काम करें। हुड्डा ने आश्वस्त किया कि सभी मिलजुलकर पार्टी हित में काम करेंगे। कार्यकर्ताओं में नए रक्त का संचार हुआ है। प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने बताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों ने राहुल गांधी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का भरोसा दिलाया।