नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महिलाओं को 40 फीसद टिकट दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वो चाहती हैं कि प्रदेश में विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी अहम है।
उन्होंने कहा कि अगर उनकी ही सिर्फ चलती तो 50 फीसद टिकट महिलाओं को देतीं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से बार बार पूछा गया कि क्या 40 फीसद टिकट महिलाओं को वो पंजाब में देंगी, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वो यूपी की इंचार्ज हैं, लिहाजा यहां के बारे में फैसला है, जहां तक पंजाब या कहीं और की बात है तो उसे बाद में देखा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विरोधी उनके बारे में बार बार कहां करते हैं वो पर्यटन पर आती हैं।
लेकिन अब उन्हें अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल करना चाहिए। उनसे जब पूछा गया कि क्या वो यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ेंगी तो जवाब यह था कि अभी फैसला नहीं लिया है। लेकिन आगे क्या हालात बनते हैं उसे देखकर फैसला किया जाएगा। उनसे जब यह पूछा गया कि महिलाओं को टिकट देने का आधार क्या होगा तो उस सवाल के जवाब में कहा जीतने की क्षमता ही मुख्य आधार है।
इसके अलावा उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने लखीमपुर खीरी हिंसा, गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के इस्तीफे, जम्मू कश्मीर के हालात, चीनी घुसपैठ और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों को कोसा।