नई दिल्ली : दुनिया के कई देशों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के दहशत के बाद अब देश में भी इस ने दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में ओमिक्रॉन के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामले कर्नाटक मे मिले हैं। इनमें एक संक्रमित की उम्र 66 और दूसरे की 46 साल है। उनके सभी संपर्कों की पहचान कर ली गई है और उनकी निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि इनकी रिपोर्ट बुधवार को देर रात मिली। दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमें डर या भय का माहौल नहीं बनाना है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वैक्सीन को अपनाना है। सरकार हालत पर नजर बनाए हुए है।
आईसीएमआर के डीजी बलराम भार्गव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा स्थापित 37 प्रयोगशालाओं के इंसाकॉग कंसोर्टियम के जीनोम सीक्वेसिंग के जरिए कर्नाटक में अब तक ओमिक्रॉन के दो मामलों का पता चला है। हमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जागरूकता बेहद जरूरी है। उधर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि ओमिक्रॉन वैरिएंट का अब तक कोई गंभीर लक्षण नहीं मिला है।
सभी ओमिक्रॉन संबंधित मामलों में अब तक हल्के लक्षण पाए गए हैं। देश और दुनिया भर में अब तक ऐसे सभी मामलों में कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखा है। उन्होंने आगे कहा कि जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों को भारत आने पर आरटी-पीसीआर टेस्ट से गुजरना होगा। यदि कोरोना संक्रमित पाए जाते हैं, तो उनका इलाज प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा। यदि संक्रमित नहीं पाए गए तो 7 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन का पालन करेंगे।






