नई दिल्ली : देश का अगला राष्ट्रपति कौन होगा इसका अंदाजा तो पहले ही लग चुका था। राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के मुकाबले पलड़ा भारी था, यह तो स्पष्ट था। हालांकि मतदान के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग ने जीत के अंतर को और बढ़ा दिया। यहां तक कि यशवंत सिन्हा अपने घर झारखंड में ही सभी को एकमत न रख सके।
यहां भी विपक्षी विधायकों ने मुर्मू के समर्थन में जमकर वोट किया। सबसे ज्यादा क्रॉस वोटिंग असम में हुई। 126 सदस्यीय इस विधानसभा में एनडीए विधायकों की संख्या 79 है, जबकि मुर्मू के समर्थन में 104 वोट पड़े।
इसके अलावा मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र में भी जमकर क्रॉस वोटिंग हुई। यहां पर आंकड़े के हिसाब से देखा जाए तो असम (22), मध्य प्रदेश (19), महाराष्ट्र (16), उत्तर प्रदेश (12), गुजरात (10), झारखंड (10), बिहार (6), छत्तीसगढ़ (6), राजस्थान (5) एवं गोवा (4) क्रॉस वोटिंग हुई।






