छत्तीसगढ़, रायपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सली क्षेत्र में तैनात सुकमा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 50 बटालियन के जवान आपस में ही भिड़ गए और एक जवान ने अपने ही साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं जिसमें चार जवानों की मौत हो गई है और तीन जवान घायल हैं।
सीआरपीएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मराइगुडा थानाक्षेत्र स्थित सीआरपीएफ के एक कैंप में जवानों का आपस में झगड़ा हो गया जिसके बाद गुस्साए एक जवान ने ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी, जिससे 4 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही 3 जवानों के घायल होने की भी खबर है, जिसमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना आज सुबह करीब 3.25 बजे की है।
घायल जवानों का इलाज चल रहा है। सीआरपीएफ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बयान में कहा जवान रीतेश रंजन ने पुलिस स्टेशन मरिगुडा के अंतर्गत लिंगापल्ली में तैनात अपने ही साथियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस घटना में सात जवान घायल हो गए। घायलों को तुरंत भद्राचलम के अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सा अधिकारियों ने तीन जवानों को मृत घोषित किया। इसके बाद एक और जवान की मौत हो गई। वहीं तीन जवान घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।