नई दिल्ली : वायु प्रदूषण की मार से जूझ रहा दिल्ली को कई सप्ताह के बाद जहरीली हवा से कुछ हद तक राहत मिली है। हालांकि यहां वायु गुणवत्ता अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 280 दर्ज किया गया। हालांकि दिल्ली से सटे एनसीआर के कई शहरों में अब भी एक्यूआई खराब से बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।
27 नवंबर के बाद यहां हवा की गुणवत्ता में और सुधार के आसार बन रहे हैं। केंद्र सरकार की वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली सफर के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह करीब 6.30 बजे एक्यूआई 280 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। पूसा (283), लोधी रोड (259), आईआईटी-दिल्ली (280), इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा- टर्मिनल 3 (232) और आयानगर (228) सहित कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय (311), मथुरा रोड (308) सहित राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में रहा। दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार सुबह एक्यूआई 383 दर्ज किया गया तो राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में यह बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।





