असम, गुवाहाटी : जर्नलिस्ट एसोसिएशन फॉर असम (जाफा) ने आज पत्रकारिता और अन्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कुल 27 हस्तियों को जाफा उपलब्धि पुरस्कार 2021 से सम्मानित किया गया। गुवाहाटी के लास्टगेट स्थित लोक निर्माण विभाग प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित एक कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार के तहत गामोछा, स्मारक, चादर एवं फूलों का गुलदस्ता भेंट किया गया।
इस मौके पर असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. नूमल मोमिन, पंचायत एवं ग्रामोन्यन मंत्री रंजीत कुमार दास, वरिष्ठ पत्रकार नरेन हजारिका, बैकुंठ गोस्वामी, अमल गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। गौरतलब है कि मानवाधिकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले राष्ट्रीय स्तर के मानवाधिकार कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. दिव्यज्योति सैकिया को सम्मानित किया गया। इसके अलाव पत्रकारिता के लिए जितेंद्र कुमार चौधरी (दैनिक असम), मौसम ज्योति वैश्य (द सेंटिनल), ध्रुवज्योति पाठक (असमिया प्रतिदिन) एवं प्रशासनिक सेवा के लिए आदिल खान (परिवहन आयुक्त) आदि को भी सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित असम के राष्ट्रीय स्तर के मानवाधिकार कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. दिव्यज्योति सैकिया पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से शांति एवं मानवता के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। वे अब तक 90 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं।
असम के दुर्गम गांव से राष्ट्रीय स्तर पर अपने कार्यों के जरिए पहचान बनाने वाले डॉ. दिव्यज्योति सैकिया अपना जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित कर चुके हैं। उनके कार्यों की आउटलुक, द वीक, तहलका, न्यू इंडिया एक्सप्रेस, अल जजीरा, टाइम पत्रिका आदि राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने भी प्रशंसा की है।





