असम, गुवाहाटी : असम में आज दोपहर 1.12 बजे भूकंप के झटके महूसस किये गये। इसकी तीव्रता 4.1 आंकी गयी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार भूकंप का केंद्र कामरूप जिले में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। अपराह्न 1.12 बजे आये भूकंप के झटके गुवाहाटी और आसपास के इलाकों में महसूस किये गये। हालांकि इससे जानमाल के किसी तरह के नुकसान होने की कोई खबर नहीं है। भूकंप आने के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे जब लोग अपने काम में व्यस्त थे, उसी समय असम और गुवाहाटी में तेज भूकंप के झटके महसूस किये गये।
घरों में लगे पंखे और दरवाजों को हिलता हुआ देखा गया। भूकंप की खबर मिलते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। इस बीच मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार की ओर से स्थानीय प्रशासन को अलर्ट जारी किया गया है और किसी भी नुकसान की जानकारी देने को कहा गया है। गौरतलब है कि दो सप्ताह पहले दिवाली के दिन भी राज्य में भूकंप के झटके महसूस किये गये थे। तेजपुर से 35 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में आये भूकंप में रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गयी थी। इससे पहले भी 28 अप्रैल को भी राज्य में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयी थीं। मालूम है कि पूर्वोत्तर का यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है और इलाके में आये दिन भूकंप के झटके महसूस किए जाते है।





