बिहार, पटना : प्रदेश के नालंदा जिले के गांधी हाईस्कूल में कार्यक्रम के दौरान किसी ने पटाखा बम फोड़ने से हंगामा मच गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से महज 15 से 18 फीट की दूरी पर बम फूटा। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को दबोच लिया है। किसी के घायल होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है। मुख्यमंत्री सबसे पहले पावापुरी गये थे। वहां से सिलाव होते हुए उन्हें राजगीर जाना है। इसी क्रम में सिलाव गानधी हाईस्कूल में यह घटना हुई। वे पंडाल में बैठे करीब ढाई सौ लोगों से मिलकर उनके आवेदन ले रहे थे।
अचानक पंडाल में बनाये गये मंच के पीछे धमाका हुआ। मंच को कपड़े से सुसज्जित किया गया था। ऐसे में अंदर रहे मुख्यमंत्री समेत अन्य को सिर्फ आवाज सुनाई दी। लेकिन तेज आवाज होने के बाद भगदड़ मच गयी। पटाखा धमाका में जान-माल की क्षति नहीं हुई है। आरोपित इस्लामपुर प्रखंड के सत्यारगंज गांव का रहने वाला है। पुलिस ने पटाखा फेंकते देखा था। इसी के आधार पर दबोचा गया है। पूछताछ चल रही है। हालांकि घटना के बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जारी रहा।