उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में जल्दी एक अधिसूचना जारी की जाएगी। राज्य सरकार के इस फैसले पर केंद्र सरकार ने भी अपनी मुहर लगा दी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने का फैसला लिया है। इससे पहले 2018 में योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की थी कि फैजाबाद को अयोध्या जनपद के नाम से जाना जाएगा।
6 नवंबर 2018 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या करने और जिले के प्रशासनिक मुख्यालय को अयोध्या शहर में स्थानांतरित करने को मंजूरी दी। उसी साल अक्टूबर में इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया था।
इसी तरह जून 2018 में 100 साल से अधिक पुराने मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचारक दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया था।