असम, गुवाहाटी : असम में मानसून से पहले बाढ़ से लोगों का बुरा हाल है। बाढ़ के प्रकोप से राज्य के सात जिलों के 57 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 25 राजस्व चक्र में आने वाले करीब 222 गांव इस बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि 10321.44 हेक्टेयर कृषि जमीन बाढ़ में डूब गई है। बाढ़ की वजह से एक बच्चे सहित तीन लोगों की जान गई है। इस आपदा में अब तक 202 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। राज्य में 18 मई तक बारिश का अलर्ट है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेना, अर्धसैनिक बलों, एसडीआरएफ, दमकल विभाग एवं आपात सेवाओं ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया है। होजई, लखीमपुर एवं नागांव जिलों में सड़कें, पुल और नहरें डूब गई हैं। पिछले 3 दिनों से लगातार बारिश होने की वजह से दीमा हसाओ जिले में के 12 गांवों में भूस्खलन की घटनाएं हुईं। भूस्खलन की वजह से कई जगहों पर पानी लग गया है और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। पहाड़ी इलाकों में संचार सेवा भी प्रभावित हुई है।