असम, गुवाहाटी: असम गण परिषद (अगप) के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रफुल्ल कुमार महंत को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत के बाद उन्हें डाउनटाउन अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से वे काफी कमजोर महसूस कर रहे थे।
उनकी कोविड-19 परीक्षण जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। हालांकि कहा जा रहा है कि वे ठीक हैं और उनकी स्वास्थ्य समस्या गंभीर नहीं है। गौरतलब है कि महंत को इसी साल जनवरी में सीने में दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें नई दिल्ली ले जाया गया, जहां उनकी नियमित जांच की गई।उन्होंने 1991 से लगातार पांच बारबहरामपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रतिनिधित्व किया।
हालांकि इस साल उन्हें चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया। महंत की अगुवाई में अगप ने 1985 और 1996 में दो बार सरकार बनाई थी। वे अखिल असम छात्र संघ (आसू ) के अध्यक्ष थे और उनके नेतृत्व में ही राज्य में ऐतिहासिक असम आंदोलन हुआ। अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ चले छह साल लंबे असम आंदोलन के बाद असम समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
उन्होंने तत्कालीन आसू नेताओं के साथ मिलकर अगप का गठन किया, जो 1985 में सत्ता में आई। 33 वर्षीय महंत देश के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बने।