त्रिपुरा, अगरतला : त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने राज्यसभा सीट पर जीत हासिल की। बिप्लब कुमार देब 58 में से 43 वोटों के साथ राज्यसभा के लिए चुने गए। उपचुनाव के लिए आज मतदान हुआ। उन्होंने ट्वीट किया कि मुझे राज्यसभा सांसद के रूप में चुनने के लिए त्रिपुरा के भाजपा और आईपीएफटी विधायकों का आभार! गौरतलब है कि त्रिपुरा की यह राज्यसभा सीट माणिक साहा के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव 22 सितंबर को हुआ। विधानसभा में भाजपा बहुमत में है। ऐसे में बिप्लब की जीत लगभग तय थी।
इससे पहले नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद देब ने पत्रकारों से कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मुझे हरियाणा के लिए भाजपा का प्रभारी बनाया और त्रिपुरा से राज्यसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मुझे नामित किया। मैं दोनों राज्यों में पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा।
उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूर्वोत्तर राज्य में 2023 के विधानसभा चुनावों के लिए एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया था। देब ने कहा था कि भाजपा ने 2018 में 60 सदस्यीय विधानसभा की 36 सीटें जीती थीं और हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अगले साल सदन में पार्टी की ताकत बढ़े। भाजपा नेता ने माणिक साहा की अगुवाई वाली राज्य सरकार की लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में उसके प्रदर्शन के लिए सराहना की थी।