नई दिल्ली : अडानी ग्रुप के प्रमुख गौतम अडानी एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। गौतम अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की। मालूम हो कि लंबे समय से मुकेश अंबानी पहले स्थान पर बने हुए थे। खबरों के मुताबिक अप्रैल 2020 के बाद से अडानी की कुल संपत्ति में काफी बढ़ोतरी हुई है।
18 मार्च 2020 को उनकी कुल संपत्ति 4.91 बिलियन अमेरिकी डॉलर थी। पिछले 20 महीनों में गौतम अडानी की कुल संपत्ति में 1808 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई। अगर रकम में बात की जाए तो यह लगभग 83.89 बिलियन अमरीकी डॉलर है।
वहीं, इसी अवधि में मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति में 250 फीसदी यानी 54.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।गौरतलब है कि इससे पहले ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स ने बताया था कि अडानी की वर्तमान कुल संपत्ति 88.8 बिलियन अमरीकी डॉलर है, जो रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति मूल्य से केवल 2.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर कम है।
अडानी एंटरप्राइजेज 2.94 फीसदी बढ़कर 1757.70 रुपये पर था। वहीं अदानी पार्ट्स 4.87 फीसदी बढ़कर 764.75 रुपये पर पहुंच गया। अडानी ट्रांसमिशन 0.50 फीसदी बढ़कर 1,950.75 रुपये पर पहुंच गया, जबकि अडानी पावर के शेयर भी 0.33 फीसदी की तेजी के साथ 106.25 रुपये पर पहुंच गए।





