जम्मू कश्मीर, पठानकोट : पठानकोट में सेना के कैंप के समीप ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है। यह विस्फोट सेना कैंप के त्रिवेणी गेट के नजदीक हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। पठानकोट के एसएसपी सुरेंद्र लांबा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से विस्फोट की जांच की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। विस्फोट स्थल पर सुरक्षा कर्मी मौजूद हैं। इलाके के सभी नाको पर सुरक्षाकर्मी हाई अलर्ट पर हैं। सुरक्षाबलों ने इलाके को चारो तरफ से घेर लिया है। विस्फोट की जगह पर ग्रेनेड के कुछ हिस्से मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक सेना कैंप के इस गेट पर बाइक से आए अज्ञात लोगों ने ग्रेनेड फेंका। ग्रेनेड फेंकने की यह घटना उस समय हुई, जब इलाके में एक बारात जा रही थी। इस विस्फोट में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। बता दें कि पठानकोट शुरू से ही आतंकवादियों के निशाने पर रहा है।
जम्मू कश्मीर में पिछले एक पखवाड़े में काफी ऐसी घटनाएं सामने आई है। घाटी में एक बार फिर शांति के बाद अशांति लौटी दिख रही है। इस अवधि के दौरान सेना और पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में कई आतंकवादी भी मारे गए हैं।





