नई दिल्ली : कोरोना के खिलाफ चल रहे टीकाकरण को और रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार हर घर दस्तक अभियान को 31 दिसंबर तक चलाने का फैसला किया है। यह कदम सौ फीसदी वैक्सीनेशन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए उठाया गया है। इसका उद्देश्य कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक के लक्ष्य को 100 प्रतिशत पूरा करना है तो वहीं एक खुराक ले चुके लोगों को दूसरी खुराक देना है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाएंगे। महीनों से जारी टीकाकरण अभियान के बावजूद एक भी विपक्ष शासित राज्य 90 फीसदी लोगों को भी टीके की पहली खुराक उपलब्ध नहीं करा पाया है। इन राज्यों में टीके की दूसरी खुराक का आंकड़ा 50 फीसदी से भी कम है। इसके उलट, भाजपा शासित दो राज्यों ने पहली खुराक का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है तो अन्य राज्य इस लक्ष्य के बेहद करीब हैं।
भाजपा शासित सभी राज्य टीके की दूसरी खुराक के मामले में भी कांग्रेस शासित राज्यों से बेहद आगे हैं। भारत में कोरोना वायरस महामारी का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। पिछले 24 घंटे की ही बात कर लें तो देश में कोरोना के 6,990 नए मामले सामने आए। यह पिछले साल मई यानी डेढ़ साल बाद एक दिन में कोरोना केसों का सबसे कम आंकड़ा है। उधर संक्रमण से 190 और लोगों की मौत दर्ज की गई।





