पंजाब, चंडीगढ़ : 21 साल के लंबे अरसे के बाद भारत के हिस्से में ब्रह्मांड सुंदरी का खिताब आया। इससे पहले साल 2000 में लारा दत्त ने यह खिताब जीता था। यह 70वां ब्रह्मांड सुंदरी प्रतियोगिता था, जिसे हरनाज संधू ने अपने नाम किया है। जैसे ही चंडीगढ़ की हरनाज संधू को ब्रह्मांड सुंदरी के खिताब से नवाजा गया, सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।
हर कोई उनको बधाई देने के लिए उतावला नजर आया। थोड़ी ही देर में सोशल मीडिया पर हरनाज को बधाई देने वालों के बीच होड़ लग गई। ट्विटर, फेसबुक से लेकर इंस्टाग्राम पर भी हरनाज छा गईं। गौरतलब है कि चंडीगढ़ की रहने वाली हरनाज संधू पेशे से एक मॉडल हैं।
21 साल की हरनाज ने मॉडलिंग व कई पेजेंट में हिस्सा लेने और जीत हासिल करने के बावजूद भी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया। हरनाज ने साल 2017 में मिस चंड़ीगढ़ का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया का खिताब अपने नाम किया। ये दो प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम करने के बाद हरनाज ने मिस इंडिया 2019 में हिस्सा लिया और तब वह टॉप 12 तक पहुंची थीं।
मॉडलिंग के साथ-साथ हरनाज एक्टिंग में भी कदम रख चुकी हैं। हरनाज के पास दो पंजाबी फिल्म यारा दियां पू बारां और बाई जी कुट्टांगे हैं।





