हरियाणा, चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा का सत्र आज से शुरू हो गया है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय सबसे वरिष्ठ विधायक रघुवीर कादियान को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई। जिसके बाद कादियान ने अन्य विधायकों को शपथ दिलाई। सबसे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधायक पद की शपथ ली। इसके बाद मंत्रिमंडल ने शपथ ली। शपथ लेने वाले विधायकों में 40 विधायक ऐसे होंगे जो पहली बार शपथ लेंगे, इनमें भाजपा के 23 और कांग्रेस के भी 13 विधायक शामिल हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने अपना पदभार ग्रहण किया और प्रदेश के 2.80 करोड़ लोगों की सेवा करने का वादा किया। सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा मैंने राज्य के मुख्य सेवक के रूप में कार्यभार संभाला। मैं भावुक और नतमस्तक हूं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का संकल्प सर्वोपरि है। हरियाणा को सर्वश्रेष्ठ, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।