नई दिल्ली : दक्षिण राज्यों आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक आदि में हो रही बारिश से बुरा हाल है। जन जीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है और कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई दिनों से हो रही बारिश से तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में स्थिति बिगड़ गई है। इसी को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग आईएमडी ने चेन्नई सहित तटीय तमिलनाडु के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने आज आंध्र प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने नवंबर के आखिरी तक इन राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश की संभावना बनी हुई है। यह पश्चिम की ओर बढ़ सकता है और पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। इसी के चलते दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के तटों पर बारिश हो रही है।
आईएमडी ने यह भी कहा कि एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव में, तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट पर उत्तरपूर्वी हवाओं के साथ, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिस होने की संभावना है। आईएमडी ने आगे बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भारी से भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश में कमी आने का अनुमान है।






