नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से भेंट की। मुख्यमंत्री ने अनुराग सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनने पर बधाई दी और कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने राज्य में खेलों के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने विशेषकर इंडोर स्टेडियम के निर्माण के बारे में भी चर्चा की, जिससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद मिल सके। अनुराग ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और उपआवासीय आयुक्त पंकज शर्मा भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि अनुराग ठाकुर पहले वित्त एवं कारपोरेट मामले के राज्य मंत्री थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अब सूचना एवं प्रसारण और खेल एवं युवा सेवाएं मंत्रालय का प्रभार सौंपा है।