नगालैंड, कोहिमा : नगालैंड सरकार ने आज इस साल के हॉर्नबिल फेस्टिवल के बाकी बचे हुए कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। यह निर्णय आज राज्य कैबिनेट की बैठक में लिया गया। गौरतलब है कि गत 4 दिसंबर को राज्य के मोन जिले के ओटिंग कस्बे में असम राइफल्स की फायरिंग में 14 नागरिकों की मौत हो गई थी। राज्य के एक मंत्री ने बताया कि मृतकों के सम्मान तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार में दीमापुर में चल रहे हॉर्नबिल फेस्टिवल को रद्द करने का निर्णय लिया है।
मोन जिले में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में कई नागरिकों की हत्या को लेकर सियासत गरमा गई है। विपक्ष इसे लेकर सरकार पर हमलावर है। गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर संसद में बयान भी दिया और इस घटना पर खेद भी जताया है। दूसरी तरफ इस घटना से वार्षिक हॉर्नबिल महोत्सव में विघ्न पड़ गया है।
इस हत्या के विरोध में नगालैंड में 17 जनजातियों में से आठ ने वार्षिक हॉर्नबिल महोत्सव से अपनी वापसी की घोषणा की है। वहीं पूर्वी नागालैंड पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन ने सभी छह जनजातियों को तत्काल प्रभाव से इस महोत्सव में भाग लेने से परहेज करने के लिए कहा है। साथ ही उन्हें कार्यक्रम स्थल पर काले झंडे फहराने के लिए भी कहा गया है।





