महाराष्ट्र, मुंबई : महाराष्ट्र में पैदा हुए सियासी संकट को लेकर शिवसेना सासंद संजय राउत लगातार बागी विधायकों पर हमलावर रहे हैं। उनका बयान लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। उन्होंने एक बार फिर एकनाथ शिंदे गुट पर निशाना साधा है। उन्होंने आज भी एक ट्वीट कर हमला किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि कब तक छिपोगे गुवाहाटी में, आना ही पड़ेगा चौपाटी में। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि शिवसेना को कोई हाईजैक नहीं कर सकता है। शिवसेना बहुत बड़ी पार्टी है। इसे आसानी से हाईजैक नहीं किया जा सकता।
शिवसेना को पैसे से तोड़ा नहीं जा सकता है। इसे बनाने के लिए लोगों ने कुर्बानी दी है। अपना खून बहाया है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा के फ्लोर पर आइए, देखते हैं किसमें कितना दम है। मैं हवा में कोई बात नहीं करता. जो उद्धव जी कहते हैं, मैं वही कहता हूं। जो बगावत कर रहे हैं, वे अपनी विधायकी बचाएं। हमने किसी की सुरक्षा नहीं हटाई है, लोगो में गुस्सा है।






